
अग्रसेन जयंती पर दिखेगा समाज की एकता का विराट स्वरूप
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर रामबाग से ट्रांस यमुना तक सजेगा
आगरा। महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर श्री अग्रवाल सेवा समिति, रामबाग के बैनर तले दस झांकियों और रामबाग के चीनी का रोजा स्थित राधाकृष्ण मंदिर से ब्लॉक ए, बी, सी होते हुए ट्रांस यमुना फेस वन स्थित गोवर्धन पार्क तक क्षेत्र को रंगीन विद्युत रोशनी से सजायेंगे अग्रबन्धु। जिसमें आमंत्रण यात्रा, हवन और शोभायात्रा में सहभागिता के लिए विशेष तौर पर महिलाओं व बच्चों को आमंत्रित किया है। सोमवार को श्री अग्रवाल सेवा समिति के पदाधिकारियों ने वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में महाराजा अग्रसेन जयंती के आमंत्रण-पत्र का विमोचन किया। शुरूआत महाराजा अग्रसेन बने दिनेश चन्द बंसल व महारानी माधवी बनी कमलेश बंसल को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
संस्थापक दिनेश चन्द गर्ग और अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोयल ने बताया कि महोत्सव की शुरूआत 8 अक्टूबर को सुबह 7 बजे यमुना ब्रिज स्थित आजाद मंदिर से आमंत्रण यात्रा, 11 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से सीता नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर में हवन, शाम 4 बजे चीनी का रोजा स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर से शोभायात्रा ट्रांस यमुना फेस वन स्थित गोवर्धन पार्क पर पहुंचेगी।
महामंत्री सुभाष मित्तल व कोषाध्यक्ष मिनेश गर्ग ने बताया कि 18 राजकुमार की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। कुलदेवी लक्ष्मी जी की डोला अग्रवंशियों को आशीर्वाद देगा। जो समाज की एकता और अखंडता का संदेश देगी। शोभायात्रा में इस बार दो बैंड और एक डीजे की गाड़ी अपने स्वरों से अग्रवंशजों को थिरकने पर मजबूर कर देगा। समापन पर सहयोगियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष मुरारी लाल गर्ग, मुख्य संयोजक देवेंद्र मित्तल, संगठन मंत्री सोनू सिंघल, संजय अग्रवाल, सतीश चंद्र, अंशय गोयल, अजीत अग्रवाल, राहुल, अजय, विजय आदि मौजूद रहे।
वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में श्री अग्रवाल सेवा समिति, रामबाग की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते समिति के पदाधिकारी।





