
10 लाख की रिश्वत लेते CGST अधीक्षक रंगे हाथों पकड़ा, घर से 1.86 करोड़ की नकदी, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा बरामद
सीबीआई की तलाशी में 24.29 लाख रुपये भारतीय नकदी, 15.65 लाख की विदेशी मुद्रा और करीब 1.46 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व कीमती सामान मिले
वीना टंडन
नई दिल्ली।भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हरियाणा के पंचकूला में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के एक अधीक्षक के घर से करीब 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी बरामद की है। आरोपी अधीक्षक को 19 नवंबर 2026 को एक निजी फर्म के खिलाफ जीएसटी कार्रवाई में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था।
सीबीआई के मुताबिक, आरोपी अधीक्षक के खिलाफ 19 नवंबर 2026 को रिश्वतखोरी का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्रवाई में राहत और अनुचित लाभ देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पंचकूला में जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
घर की तलाशी में करोड़ों का खजाना
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद 20 नवंबर 2026 को उसके आवास पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, करीब 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा तथा सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी बरामद की गई। बरामद सोने-चांदी और अन्य कीमती सामान का मूल्य करीब 1.46 करोड़ रुपये बताया गया है। नकदी और अन्य संपत्तियों को मिलाकर कुल बरामदगी का मूल्य लगभग 1.86 करोड़ रुपये आंका गया है।
बैंक खातों और संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले
तलाशी के दौरान सीबीआई को आरोपी के छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा एक वाहन तथा आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात भी बरामद किए गए हैं।
सीबीआई अब बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्ति, निवेश, बैंकिंग गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन का विस्तृत ब्यौरा जुटाना है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि बरामद संपत्तियां और धनराशि उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से मेल खाते हैं या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।







