चौसा मोहनिया हाईवे पर बड़ा हादसा गाजीपुर के तीन युवकों समेत चार की दर्दनाक मौत
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
वाराणसी/ गाजीपुर/ बक्सर :जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के समीप चौसा-मोहनिया हाईवे पर रात मे करीब 8 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक आई-20 कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद हुआ।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में पांच लोग सवार थे, जबकि बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे में कार सवार तीन युवकों और बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, कार और बाइक पर सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना और बनारस भेजे जाने की जानकारी मिली है। बताया जाता है कि कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के गहमर के समीप स्थित भतौरा गांव के रहने वाले थे। वे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मोहनिया जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ने गांव के रास्ते से निकलकर हाईवे पर पहुंच रहे बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा जिससे वह सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार कई बार पलटी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक सवार तीन युवकों में एक की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार सवार मृतकों की पहचान भतौरा गांव निवासी कलामुद्दीन का 25 वर्षीय पुत्र इरफान, संतोष ठाकुर का 30 वर्षीय पुत्र बादल और स्व सोबन अली का 20 वर्षीय पुत्र अरबाज के रूप में हुई है।
वहीं, बाइक सवार मृतक की पहचान सोनपा गांव निवासी राजनिधि प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






