DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

दिल्ली में दवाओं का गुप्त गोदाम उजागर, 5 लाख से अधिक नशीली दवाएं बरामद; कश्मीर तक फैले नेटवर्क के चार सदस्य गिरफ्तार

शाहदरा में किराए के परिसर से ट्रामडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्रजेपाम और कोडीन युक्त दवाओं का बड़ा जखीरा मिला, एनसीबी जम्मू और दिल्ली की संयुक्त कार्रवाई

वीना टंडन
नई दिल्ली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की जम्मू जोनल यूनिट ने दिल्ली जोनल यूनिट के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फैले दवाओं की अवैध आपूर्ति करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली के शाहदरा में किराए के परिसर में चल रहे एक गुप्त गोदाम से पांच लाख से अधिक गोलियां, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गई हैं। इनमें ट्रामडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्रजेपाम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं।

एनसीबी के मुताबिक, इस कार्रवाई का मकसद कोडीन आधारित कफ सिरप (सीबीसीएस) को वैध दवा आपूर्ति श्रृंखला से अवैध नेटवर्क में पहुंचाने के रास्ते का पता लगाना और इस तस्करी व्यवस्था को जड़ से खत्म करना है।

बस से शुरू हुई कार्रवाई

विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी जम्मू की टीम ने 16 नवंबर 2026 की सुबह उधमपुर जिले के चेनानी स्थित मदा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका। तलाशी के दौरान डोडा जिले के भदेरवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब सात किलोग्राम कोडीन आधारित कफ सिरप बरामद किया गया। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान कफ सिरप की खेप के कश्मीर घाटी में पहुंचने से जुड़े संपर्कों का पता लगाया गया। इसके बाद अनंतनाग जिले के एक संदिग्ध मुख्य प्राप्तकर्ता को गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली से 356 बोतलें बरामद

जांच में दिल्ली से दवाओं की आपूर्ति के संबंध सामने आने पर एनसीबी जम्मू और दिल्ली की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। 18 नवंबर को दिल्ली आपूर्ति अभियान से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने के साथ कोडीन आधारित कफ सिरप की 356 बोतलें बरामद की गईं।

इसके बाद जांचकर्ताओं को दिल्ली के शाहदरा में किराए के परिसर में संचालित गुप्त गोदाम का सुराग मिला। 18 और 19 नवंबर को परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें पांच लाख से अधिक गोलियां, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद हुईं।

सप्लाई चेन और फंडिंग की जांच

एनसीबी अब इस नेटवर्क के पूरे सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि दवाएं वैध आपूर्ति व्यवस्था से किन स्रोतों पर डायवर्ट की गईं, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और नेटवर्क को आर्थिक रूप से कौन संचालित कर रहा था। अपस्ट्रीम सप्लायर, डाउनस्ट्रीम वितरकों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को जोड़कर नेटवर्क को स्रोत स्तर पर खत्म करने की रणनीति अपनाई जा रही है।

एनसीबी ने नागरिकों से नशा मुक्त भारत अभियान में सहयोग करने और मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध दवा कारोबार से संबंधित विश्वसनीय जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस (1933) पर गोपनीय रूप से साझा करने की अपील की है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button