
लारेंस गोल्डी व ढिल्लों से जुड़े थे सुपारी किलर वाहिद के तार असलहों की भी करता था सप्लाई
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
राकेश पाण्डेय
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया सुपारी किलर और असलहा तस्कर वाहिद अंसारी गैंग्सटर लारेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और गोल्डी ढिल्लो के आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा था। यूपी पुलिस को यह जानकारी मुंबई की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार दो आरोपितों से पूछताछ में मिली थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाहिद बिट्टू उर्फ बिल्लू इंदौरी, विकास ठाकुर और श्रेयांस यादव के साथ मुंबई में जेल जा चुका था।
विकास ठाकुर से पूछताछ के बाद पंजाब के अमृतसर में मैड संधू की हत्या में शामिल दीपक सिंह को पकड़ा गया था। खबर है कि बिल्लू इंदौरी गिरोह उक्त गैंग्सटर गिरोह के सदस्यों को अवैध असलहे मुहैया कराता था। इनका इस्तेमाल फिल्मी सितारों, राजनेताओं और बड़े कारोबारियों पर हमले तथा हत्या जैसी घटनाओं में किया जाता था।
मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ की गोरखपुर यूनिट ने बिल्लू उर्फ बट्टू इंदौरिया उर्फ देवेंद्र सक्सेना और उसके गिरोह से जुड़े लोगों को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार कर अवैध असलहों की तस्करी और निर्माण का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में कुल 21 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
वाहिद अंसारी इस मामले में वांछित था। एसटीएफ और गोरखपुर की कैंट पुलिस उसकी तलाश कर रही थीं। मंगलवार रात चेकिंग के दौरान उसने अंबेडकरनगर पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू (मधुसूदन संधू) की बीते तीन अक्टूबर को अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गैंग्सटर गोल्डी ढिल्लो (गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी राजपुरा) और जग्गा तरनतारन ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट और आडियो के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली थी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल एक कारोबारी से रंगदारी की साजिश की जांच कर रही थी। इसी दौरान मैड संधू हत्याकांड में वांछित शूटर दीपक और एक अन्य आरोपित गिरफ्तार किए गए। उसका साथी पलविंदर पहले ही पकड़ा जा चुका था।
*गाजीपुर के वाहिद ने सुलतानपुर में बनाया था ठिकाना*
यूपी के गाजीपुर जनपद का रहने वाला हाईस्कूल तक पढ़ा वाहिद रोजी-रोटी के लिए मस्कट गया था। करीब 10 वर्ष पूर्व लौटने के बाद वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। वह पिछले सात-आठ वर्षों से घर नहीं गया था। वर्ष 2022 में उसने सुलतानपुर की अजरा बानो से प्रेम विवाह किया। दोनों वहीं रहते थे और उनकी दो बेटियां हैं।






