
स्मार्ट मीटर व भारत अमेरिकी ट्रेड डील के विरुद्ध किसान महासभा का प्रदर्शन
स्टार न्यूज़ टेलिविजन
ब्यूरो रिपोर्ट
गाजीपुर:: स्मार्ट मीटर वापस लेने, भारत अमेरिकी ट्रेड डील रद्द करने सहित किसान विरोधी नीतियों के विरुद्ध अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने सरयू पाण्डेय पार्क गाजीपुर में धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार करंडा को सौंपा। अध्यक्षता रामबदन बिंद और संचालन अ भा किसान महासभा गाजीपुर के जिला सचिव सत्येन्द्र प्रजापति ने किया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए अ भा किसान महासभा के जिला अध्यक्ष मनोज कुशवाहा ने कहा कि भारत अमेरिकी ट्रेड डील के जरिए मोदी सरकार ने किसानों की तबाही का उपाय तो किया ही है देश की संप्रभुता व आजादी को साम्राज्यवादी अमेरिका के समक्ष सरेंडर कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध में अमेरिका इजरायल गठजोड़ के पक्ष में खड़ी होकर सरकार ने हमारे सामने रसोई गैस, डीजल, पेट्रोल और खाद का अभूतपूर्व संकट खड़ा कर दिया है और आम आदमी और किसानों को कमरतोड़ मंहगाई के सामने असहाय छोड़ दिया है।
सभा का संचालन करते हुए अ भा किसान महासभा के जिला सचिव सत्येन्द्र कुमार प्रजापति ने कहा कि यूपी की योगी सरकार एक तरफ पूर्वांचल एवं दक्षिणांचल पावर कॉरपोरेशन का निजीकरण कर रही है तो दूसरी ओर लोगों के घरों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाकर उनका उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्रातिशीघ्र स्मार्ट मीटर नहीं हटे तो सरकार को तीखे जनप्रतिवाद का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन के जरिए स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने, मनमानी बिजली बिलें माफ कर 300 यूनिट फ्री बिजली देने, भारत अमेरिकी ट्रेड डील रद्द करने,बंटाईदार किसानों का पंजीकरण कर उन्हें सूखा राहत, बाढ़ राहत सहित सभी योजनाओं का लाभ देने, एमएसपी की कानूनी गारंटी करते हुए किसानों को लागत का डेढ़ गुना देने, डीएपी व यूरिया की जमाखोरी व कालाबाजारी पर रोक लगाते हुए उसे सस्ते दाम पर उपलब्ध कराने सहित तमाम मांगें की गईं।
सभा को भाकपा-माले गाजीपुर के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह, मनोज कुशवाहा, सत्येन्द्र प्रजापति, रामबदन बिंद,प्रमोद कुशवाहा, आजाद यादव, योगेन्द्र भारती, राजेश वनवासी, मंजू गोंड़, श्यामप्यारी,मोती प्रधान, नंदकिशोर बिंद, विजयी वनवासी, किशन वनवासी, संजय विश्वकर्मा, संजय भारती सहित तमाम लोगों ने संबोधित किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं उपस्थित थे।





