उत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

ठंड में पेड़ के नीचे रह रही विधवा व बच्चे:एसडीएम बोलीं है पक्का मकान बनाया जा रहा गलत दबाव

स्टार न्यूज़ टेलीविजन ब्यूरो रिपोर्ट

बुलबुल पाण्डेय

नवम्बर 23: गाज़ीपुर:ख़बर गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर सैदपुर नगर के वार्ड 13 में जमीनी विवाद के चलते टीनशेड घर से बेदखल किए गए विधवा परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। घर में ताला लगाए जाने के बाद लगातार तीसरे दिन भी परिवार को खुले आसमान के नीचे पेड़ के नीचे दिन गुजारना पड़ा।

वहीं दूसरी रात में भी 70 वर्षीय वृद्धा, विधवा बहू और चार बच्चों को कड़ाके की ठंड के बीच खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर होना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि पहली रात परिवार की सुरक्षा के लिए मौके पर तैनात किए गए पुलिसकर्मी भी दूसरी रात दिखाई नहीं दिए।

नगर के बीआरसी के बगल स्थित टीनशेड में रहने वाली मीरा यादव अपनी 70 वर्षीय सास विमला देवी और चार नाबालिग बच्चों के साथ अब भी पेड़ के नीचे रहने को विवश हैं। बीते शुक्रवार की दोपहर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान खाली कराकर उसमें ताला लगा दिया था। इसके बाद से ही परिवार खुले आसमान के नीचे रह रहा है।

शनिवार को दूसरी रात भी परिवार ने किसी तरह कंबल के सहारे खुले आसमान के नीचे गुजारी। रविवार को तीसरे दिन भी परिवार उसी पेड़ के नीचे बैठा रहा। ठंड के मौसम में बुजुर्ग महिला और नाबालिग बच्चों के साथ खुले में रात बिताना परिवार के लिए बेहद कठिन हो रहा है।

उधर, इस मामले में उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि संबंधित भूखंड पर दीवानी न्यायालय का स्थगन आदेश प्रभावी है। यह दीवानी न्यायालय से जुड़ा मामला है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुसार ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवार जिस दाखिल-खारिज के आधार पर अपना दावा कर रहा है, वह भी बोर्ड ऑफ रेवेन्यू में लंबित है। बताया कि मैंने आज भी संबंधित वादपत्र मंगवाकर मामले की जांच की है। एसडीएम ने बताया कि परिवार को कई बार बुलाकर समझाने का प्रयास किया गया है।

रविवार को भी उन्हें बुलाया गया था, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े हुए हैं और समझाने के बावजूद मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मामले में जल्द ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। वृद्ध होने के कारण उनके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती भी नहीं की जा रही। खुले में रहने के सवाल पर कहा कि उनके पास पक्का मकान है लेकिन वो जिद के कारण खुले में रहकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। कहा कि परिवार को यह भी बता दिया गया है कि यदि वहां रहने के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी उनकी होगी।

हालांकि, ठंड के बीच लगातार तीसरे दिन भी वृद्धा, विधवा और नाबालिग बच्चों के खुले आसमान के नीचे रहने से मानवीय आधार पर उनके लिए अस्थायी आश्रय की व्यवस्था किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button