
जमीन विवाद में सुनवाई न होने से युवक तहसील की छत से कूदा
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
फिरोजाबाद के जसराना में जमीन पर कब्जे के विवाद में सुनवाई न होने से क्षुब्ध एक युवक ने बुधवार सुबह जसराना तहसील भवन की छत से छलांग लगा दी। युवक नीचे खड़ी बोलेरो पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। एसडीएम ने तत्काल घायल को सीएचसी भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम तहसील पहुंचे और एसडीएम व सीओ से पूरे मामले की जानकारी ली।
ग्राम सिरोला निवासी विकास का ग्राम खुशहाली निवासी महताब सिंह के साथ जमीन पर कब्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष विवादित भूमि पर अपना-अपना मालिकाना हक जता रहे हैं। शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में दोनों पक्षों ने डीएम को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम, सीओ, थाना पुलिस और लेखपाल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की थी। इस दौरान दूसरे पक्ष ने जमीन को अपनी बताते हुए अधिकारियों के समक्ष साक्ष्य भी प्रस्तुत किए थे।
बुधवार सुबह विकास अपनी पत्नी के साथ जसराना तहसील पहुंचा था। आरोप है कि वह अधिकारियों से अपनी शिकायत पर कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा था। इसी दौरान सुनवाई न होने से वह आहत हो गया और अचानक तहसील भवन की छत पर चढ़ गया। इसके बाद उसने नीचे छलांग लगा दी। युवक को गिरता देख तहसील परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना पर अधिकारियों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। एडीएम ने तहसील पहुंचकर एसडीएम और सीओ से घटना के साथ-साथ जमीन विवाद में अब तक हुई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। पुलिस-प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।





