
फिरोजाबाद में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी: थाना दक्षिण से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी शांतिपूर्ण संपन्न
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
फिरोजाबाद से जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित शाही मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।
जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की सीरत, अमन, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया।
जुलूस के दौरान इमामों और उलेमाओं का सम्मान एवं इस्तकबाल किया गया। आयोजकों के अनुसार, राजनीतिक व्यक्तियों को जुलूस से दूर रखा गया और अकीदतमंदों ने इमामों के पीछे पैदल चलकर अनुशासन बनाए रखा।
हाफ़िज़ ताबिश ने बताया कि जुलूस के दौरान शासन-प्रशासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया गया। बाइक और एक्टिवा से जुलूस में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे जुलूस निर्धारित पैदल रूट पर शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ता रहा।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना दक्षिण प्रभारी मय फोर्स मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने निर्धारित रूट पर जुलूस को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया और पूरे काफिले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
हाफ़िज़ आरिफ ने बताया कि प्रशासन और पुलिस के सहयोग से जुलूस-ए-मोहम्मदी शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ। जुलूस के सफल समापन के साथ ही आयोजकों और प्रशासन ने सभी अकीदतमंदों का सहयोग के लिए आभार जताया।





