DelhiEntertainment & SportsNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

दिल्ली में सजेगा सिनेमा का सबसे बड़ा मंच, 26 अगस्त से ‘फिल्म एक्सपो इंडिया’ का आगाज

देश-विदेश के फिल्मकार, कलाकार और तकनीकी विशेषज्ञ होंगे शामिल, रोजगार से लेकर ग्लोबल सहयोग तक पर रहेगा जोर

वीना टंडन
नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच देने की दिशा में राजधानी दिल्ली में बुधवार से पांच दिवसीय ‘फिल्म एक्सपो इंडिया’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 26 से 30 अगस्त तक चलने वाले इस एक्सपो के उद्घाटन संस्करण में देश-विदेश के फिल्म निर्माता, कलाकार, तकनीकी विशेषज्ञ, सरकारी प्रतिनिधि और मनोरंजन उद्योग से जुड़े दिग्गज एक मंच पर जुटेंगे। आयोजकों ने इसे देश का अब तक का सबसे बड़ा फिल्म इंडस्ट्री एग्जीबिशन बताया है।

इस आयोजन का संचालन अभिनेता बिंदु दारा सिंह की कंपनी की ओर से आईटीपीओ के सहयोग से किया जा रहा है। एक्सपो को दिल्ली टूरिज्म, महाराष्ट्र टूरिज्म, साहित्य अकादमी और प्रसार भारती समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग मिल रहा है।

एक छत के नीचे पूरी फिल्म इंडस्ट्री

दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिंदु दारा सिंह ने कहा कि एक्सपो का मकसद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों को एक मंच पर लाना है। यहां तकनीक, रचनात्मकता, कारोबार और नए प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए संभावनाओं पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि जहां भी फिल्मों की शूटिंग होती है, वहां स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर पैदा होते हैं। ऐसे में यह एक्सपो रोजगार और नए कारोबारी अवसरों को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।

इस दौरान उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट ‘महाकालनाटक’ की जानकारी भी साझा की और फिल्म के कलाकारों से मीडिया का परिचय कराया।

तकनीक से लेकर रीजनल सिनेमा तक दिखेगा रंग

‘फिल्म एक्सपो इंडिया’ में आधुनिक फिल्म तकनीक, शूटिंग उपकरण और मनोरंजन उद्योग से जुड़ी सेवाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही फिल्म निर्माण, बदलते ट्रेंड्स और सिनेमा में फैशन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के कॉन्क्लेव और पैनल डिस्कशन होंगे।

एक्सपो का फिल्म कार्निवल और थीम पार्क भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। डोम थिएटर, फिल्म मेकिंग की कहानी दिखाने वाले जोन, रीजनल सिनेमा और विजुअल आर्ट्स की प्रदर्शनियां लोगों को सिनेमा की दुनिया के करीब ले जाएंगी।

नेटवर्किंग और नए हुनर को मिलेगा मंच

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन और इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री समेत कई प्रमुख संस्थाएं और ब्रांड इस पहल से जुड़े हैं। आयोजकों के मुताबिक एक्सपो में फिल्म जगत के लोगों को नेटवर्किंग, बिजनेस अवसर और नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का मंच मिलेगा।

आयोजकों की योजना भविष्य में इस आयोजन को देश के दूसरे शहरों तक ले जाने की भी है। ऐसे में ‘फिल्म एक्सपो इंडिया’ को भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने और फिल्म उद्योग में रोजगार व सहयोग के नए रास्ते खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button