
सीपीएचआई इंडिया 2026 का भव्य आयोजन, 120 देशों के 50 हजार से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल; 2,000 से ज्यादा प्रदर्शकों की भागीदारी से वैश्विक मंच पर चमकेगा भारतीय फार्मा उद्योग!
स्टार न्यूज टेलिविजन
मुख्य संवाददाता
नई दिल्ली। भारतीय फार्मास्युटिकल उद्योग को वैश्विक मंच प्रदान करने वाली प्रमुख प्रदर्शनी सीपीएचआई इंडिया 2026 का सोमवार को द्वारका स्थित यशोभूमि में शुभारंभ हुआ। इस वर्ष पहली बार प्रदर्शनी का आयोजन दो स्थानों पर किया जा रहा है। यशोभूमि में 23 से 25 नवंबर तक सीपीएचआई इंडिया और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 24 से 26 नवंबर तक पीएमईसी इंडिया आयोजित होगी।
इस संयुक्त आयोजन में 120 से अधिक देशों के 50 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों और 2,000 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें बेल्जियम, चीन, जर्मनी, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका सहित कई देशों की कंपनियां भाग ले रही हैं। प्रदर्शनी में दवा निर्माण के लिए जरूरी कच्चे माल, फॉर्मूलेशन, मशीनरी और पैकेजिंग से जुड़ी नई तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में फार्मेक्सिल के महानिदेशक के. राजा भानु, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के संयुक्त औषधि नियंत्रक डॉ. चंद्रशेखर रंगा, ओपीपीआई के महानिदेशक अनिल मताई और इंफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
के. राजा भानु ने कहा कि भारत का फार्मास्युटिकल उद्योग फिलहाल 60 से 70 अरब डॉलर का है और 2030 तक इसके 120 से 130 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। वर्ष 2047 तक इसे 400 अरब डॉलर का उद्योग बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों को अब सामान्य जेनेरिक दवाओं के साथ जटिल जेनेरिक, बायोसिमिलर और नई चिकित्सा तकनीकों जैसे उच्च मूल्य वाले क्षेत्रों पर ध्यान देना होगा।
डॉ. चंद्रशेखर रंगा ने कहा कि भारत दवा नियमन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संशोधित शेड्यूल एम मानकों, क्यूआर कोड आधारित ट्रेसबिलिटी और नियामक प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण से दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है।
योगेश मुद्रास ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय फार्मास्युटिकल उद्योग का कारोबार 5.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, देश में चिकित्सा उपकरणों का घरेलू विनिर्माण भी तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उन्नत विनिर्माण तकनीक, अनुसंधान और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों में निवेश से भारत वैश्विक फार्मा बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकता है।







