DelhiEntertainment & SportsNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

कृष्णावतरम’ की दिव्य संध्या ने जीता दिल

राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से गूंजा दिल्ली का ऑडिटोरियम

वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आयोजित फिल्म “कृष्णावतरम भाग 1 – हृदय हृदयम्” की भव्य स्पेशल स्क्रीनिंग आध्यात्म, भक्ति और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम बन गई। कार्यक्रम में राजनीति, प्रशासन, कला और समाज जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत कर फिल्म का आनंद लिया। पूरी शाम श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंगी नजर आई और ऑडिटोरियम “राधे-राधे” व “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम स्थल को कनेर के फूलों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे माहौल किसी धार्मिक उत्सव जैसा दिखाई दे रहा था। फिल्म के भावुक और भक्ति से भरे दृश्यों पर दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कई दर्शक फिल्म के दौरान भावुक भी नजर आए।

फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे देहरादून निवासी सिद्धार्थ गुप्ता ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सत्यभामा के किरदार में संस्कृती जयना की प्रस्तुति को भी खूब सराहा गया। फिल्म के निर्माता सज्जन राज कुरुप ने कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों और मीडिया से मुलाकात कर फिल्म के निर्माण के पीछे की भावना साझा की।

मीडिया से बातचीत में सज्जन राज कुरुप ने कहा कि “कृष्णावतरम भाग 1 – हृदय हृदयम्” को देशभर में जबरदस्त प्यार मिल रहा है और फिल्म सफलतापूर्वक दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने फिल्म देखने के बाद इसकी सराहना की और उत्तर प्रदेश में इसे टैक्स फ्री घोषित किया, जो पूरी टीम के लिए गर्व और आशीर्वाद की बात है।

उन्होंने कहा कि देश के कई प्रमुख संतों और महामंडलेश्वरों ने भी फिल्म को अपना आशीर्वाद दिया है। इनमें Premanand Maharaj, Kailashanand Giri Maharaj, Balakanand Giri Maharaj और Sri Sri Ravi Shankar जैसे संत शामिल हैं। सज्जन राज कुरुप ने बताया कि प्रेमानंद महाराज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद 1100 रुपये भेंट कर पूरी टीम को आशीर्वाद दिया, जिसे शुभ संकेत माना जा रहा है।

सज्जन राज कुरुप ने कहा, “भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं अनंत हैं। यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और भावनाओं का उत्सव है। दर्शकों और संत समाज से मिल रहा प्यार हमारे लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।”

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि फिल्म के दूसरे भाग की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू की जाएगी। इस घोषणा के बाद कृष्ण भक्तों और सिनेमा प्रेमियों के बीच उत्साह और बढ़ गया है।

दिल्ली में आयोजित यह विशेष संध्या भक्ति, संस्कृति और सिनेमा का ऐसा अनूठा संगम बनी, जिसने हर उपस्थित व्यक्ति को भावुक और आनंदित कर दिया। “कृष्णावतरम भाग 1 – हृदय हृदयम्” लगातार दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना रही है और परिवारों के साथ लोग बड़ी संख्या में फिल्म देखने पहुंच रहे हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button