उत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

अयोध्या के बाद काशी में प्रज्ज्वलित होंगे 11 लाख से अधिक दीप,योगी ने की समीक्षा बैठक

स्टार न्यूज़ टेलीविजन

राकेश पाण्डेय

अयोध्या में दीपोत्सव के बाद काशी में देव दीपावली को भव्य बनाने की तैयारियां जोरों पर है। इस बार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन वाराणसी के सभी प्रमुख घाटों पर 11 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इसके अलावा, रामनगरी की तरह लेजर और ड्रोन शो भी देखने को मिलने वाला है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ ने देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन में आने वाले किसी भी श्रद्धालु और पर्यटक को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि यह काशी की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसका आयोजन ऐसा हो कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिसके लिए सीएम योगी ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। वहीं, देव दीपावली पर सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीये प्रज्वलित होंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार किए गए दीये भी शामिल होंगे।

वाराणसी में देव दीपावली पर शाम दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी और इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव की विशेष व्यवस्था की गयी है। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के मद्देनजर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए भी जरूरी व्यवस्था है।

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button