
पेपर लीक विवाद के बाद NEET-UG 2026 रद्द, शिक्षा मंत्रालय के बाहर NSUI का प्रदर्शन
वीना टंडन
नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 रद्द किए जाने के बाद देशभर के छात्रों में नाराजगी और असमंजस का माहौल है। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की छात्र इकाई National Students’ Union of India ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 20 से 25 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना था कि लाखों छात्रों ने महीनों मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन अचानक परीक्षा रद्द होने से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। संगठन ने सरकार से मांग की कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित की जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जाए।
जानकारी के अनुसार 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा को लेकर पेपर लीक के आरोप सामने आए थे। आरोप था कि परीक्षा से एक रात पहले प्रश्नपत्र लीक हो गया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी National Testing Agency ने बयान जारी कर कहा कि जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और आंतरिक समीक्षा में परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित होने के संकेत मिले, जिसके बाद भारत सरकार की मंजूरी से परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
एनटीए ने कहा कि अब परीक्षा नई तारीखों पर दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी। परीक्षा रद्द होने के बाद मेडिकल प्रवेश की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।




