
अब पेपर टिकट खत्म, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
दिल्ली में ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ लागू
वीना टंडन
नई दिल्ली।दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ योजना शुरू करने का ऐलान किया है। अब बसों में मुफ्त सफर के लिए पिंक पेपर टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। इस स्मार्ट कार्ड के जरिए महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
सरकार के अनुसार यह कार्ड 12 वर्ष या उससे अधिक आयु की दिल्ली में रहने वाली महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए अनिवार्य होगा। केवल दिल्ली निवासी, जिनके पास दिल्ली का आधार कार्ड होगा, वही इस सुविधा के पात्र होंगे। जिनके पास पिंक कार्ड नहीं होगा, वे मुफ्त यात्रा के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के रूप में जारी किया जाएगा और डीटीसी व क्लस्टर बसों में वैध होगा। योजना लागू होने के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके जरिए पात्र महिलाएं घर बैठे आवेदन कर सकेंगी।
तीन तरह के स्मार्ट कार्ड होंगे जारी
दिल्ली परिवहन विभाग ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक और मफिन पेमेंट्स बैंक को स्मार्ट कार्ड जारी करने के लिए अधिकृत किया है।
पिंक सहेली कार्ड – 12 वर्ष से अधिक आयु की दिल्ली निवासी महिलाओं के लिए, पूरी तरह मुफ्त यात्रा।
विशेष श्रेणी कार्ड – दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, खिलाड़ी, युद्ध विधवा और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं के लिए।
जनरल स्मार्ट कार्ड – सभी यात्रियों के लिए, मेट्रो कार्ड की तरह उपयोग होगा। इसके लिए न्यूनतम ₹120 का भुगतान और केवाईसी (नाम व फोटो) आवश्यक होगा।
जगह-जगह बनेंगे कार्ड सेंटर
कार्ड जारी करने के लिए दिल्ली के बड़े बस डिपो, पास सेंटर और अधिकृत बैंकों की चुनिंदा शाखाओं में विशेष बूथ स्थापित किए जाएंगे।
गरीबों को दो मुफ्त LPG सिलेंडर का ऐलान
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड योजना के शुभारंभ के अवसर पर दिल्ली सरकार ने गरीब राशन कार्ड धारकों को हर साल दो मुफ्त घरेलू एलपीजी सिलेंडर देने की घोषणा भी की है। दिल्ली कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी दे दी है।
होली और दिवाली जैसे त्योहारों पर पात्र लाभार्थियों के बैंक खाते में करीब ₹853 की सब्सिडी सीधे ट्रांसफर की जाएगी। अनुमान है कि दिल्ली में लगभग 17.5 लाख पंजीकृत राशन कार्ड धारकों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से महिलाओं को सुरक्षित, आसान और सम्मानजनक यात्रा सुविधा मिलेगी, वहीं जरूरतमंद परिवारों को महंगाई से राहत भी मिलेगी।



