DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

अकबर रोड से कांग्रेस को खाली करना होगा दफ्तर!

एस्टेट विभाग का नोटिस 48 साल पुराना मुख्यालय छोड़ने पर सियासत तेज, अदालत जाने की तैयारी

वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ऐतिहासिक मुख्यालय 24 अकबर रोड को खाली करने के लिए एस्टेट विभाग ने नोटिस जारी किया है। यह बंगला वर्ष 1978 से कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है।
28 मार्च तक खाली करने का निर्देश
एस्टेट विभाग ने बुधवार को जारी नोटिस में 24 अकबर रोड के साथ-साथ 5 रायसीना रोड स्थित इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यालय को भी 28 मार्च तक खाली करने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि यह संपत्ति कांग्रेस को आवंटित थी, जिसका उपयोग उसकी सहयोगी इकाई द्वारा किया जा रहा था।
नए मुख्यालय में हो चुकी है शिफ्टिंग
गौरतलब है कि कांग्रेस पहले ही अपने नए मुख्यालय इंदिरा भवन में शिफ्ट हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अकबर रोड स्थित परिसर का इस्तेमाल अब भी जारी है।
कांग्रेस ने बताया ‘राजनीतिक कार्रवाई’
पार्टी नेताओं ने इस नोटिस को ‘गैरकानूनी और राजनीतिक रूप से प्रेरित’ करार दिया है। वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस इस फैसले को अदालत में चुनौती देगी और सभी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेगी।
‘हमारी विरासत का हिस्सा है अकबर रोड’
कांग्रेस का कहना है कि अकबर रोड स्थित यह बंगला पार्टी की ऐतिहासिक विरासत का अहम हिस्सा है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, इस संपत्ति के लिए कांग्रेस बाजार दर पर किराया भी चुकाती रही है।
सूत्रों के मुताबिक, 2024 लोकसभा चुनाव के बाद इस बंगले को किसी वरिष्ठ सांसद को आवंटित कराने की कोशिश भी की गई थी, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली।
सियासी हलचल तेज
इस मुद्दे पर अब सियासी हलचल तेज हो गई है। अगर कांग्रेस को यह परिसर खाली करना पड़ता है, तो लुटियंस दिल्ली के राजनीतिक नक्शे में बड़ा बदलाव माना जाएगा, जहां दशकों से कांग्रेस की मजबूत मौजूदगी रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button