
दिल्ली की यमुना में शुरू हुआ क्रूज का रोमांच, अब नदी की लहरों पर सैर करेंगे दिल्लीवासी
‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ, सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगा क्रूज; पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
वीना टंडन
नई दिल्ली ।दिल्लीवासियों को अब यमुना नदी की लहरों पर सैर करने का नया अनुभव मिलेगा। राजधानी में पहली बार यमुना नदी पर मनोरंजन के उद्देश्य से क्रूज सेवा की शुरुआत हो गई है। मंगलवार को सोनिया विहार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का शुभारंभ किया। इस सेवा के शुरू होने से दिल्ली के पर्यटन क्षेत्र को एक नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है।
यह क्रूज सेवा सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक संचालित होगी। लगभग छह किलोमीटर लंबे इस जलमार्ग पर यात्रियों को करीब 30 से 45 मिनट की सैर का आनंद मिलेगा। अब तक दिल्लीवासियों को क्रूज का अनुभव लेने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन इस पहल के बाद राजधानी में ही नदी के बीच मनोरंजन का नया विकल्प उपलब्ध हो गया है।
केंद्रीय मंत्री और कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल को राजधानी के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इलेक्ट्रिक क्रूज से होगा सफर
इस सेवा के तहत इलेक्ट्रिक संचालित क्रूज का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे नदी में सफर के दौरान ध्वनि और वायु प्रदूषण को कम रखने में मदद मिलेगी। क्रूज में एक बार में लगभग 30 यात्रियों के बैठने की क्षमता बताई गई है। परियोजना का उद्देश्य यमुना को केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यटन और मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में भी विकसित करना है।
क्रूज के साथ विकसित होंगी मनोरंजन सुविधाएं
यमुना रिवर सफारी परियोजना के तहत आसपास के क्षेत्र में पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इनमें लाइट एंड साउंड शो, म्यूजिकल फाउंटेन, फूड जोन, बच्चों के लिए प्ले एरिया और अन्य मनोरंजक गतिविधियां शामिल हैं। इससे परिवारों को एक ही स्थान पर घूमने-फिरने और मनोरंजन का अवसर मिलेगा।
कई सरकारी एजेंसियों ने मिलकर तैयार की परियोजना
इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) ने केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया है। इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड तथा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की भी भागीदारी रही है।
यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के रूप में अधिसूचित किया गया है। ऐसे में इस क्रूज सेवा को राजधानी में नदी आधारित पर्यटन और स्वच्छ जल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
हालांकि, यमुना की सफाई और प्रदूषण की समस्या के बीच इस नई पर्यटन परियोजना की सफलता इस बात पर भी निर्भर करेगी कि नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को कितनी प्राथमिकता दी जाती है।






