
रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली, राहुल-प्रियंका-खड़गे ने मोदी सरकार पर बोला तीखा हमला
वीना टंडन
नई दिल्ली।दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ मेगा रैली आयोजित हुई। रैली को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित किया। तीनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह और विवेक जोशी भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने इनके लिए कानून बदला है। राहुल गांधी ने कहा, “हम सत्ता में आए तो इस कानून को बदलेंगे और इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इन्हें याद रखना चाहिए कि ये देश के चुनाव आयुक्त हैं, भाजपा के नहीं।”
राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा सहित कई राज्यों में इसी के जरिए चुनाव जीते गए। उन्होंने दावा किया कि एक महिला 200 बार तक वोट कर रही है, एक ही घर में 600-700 वोटर दर्ज हैं और दूसरे राज्यों से लोग आकर वोट डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर सवाल पूछने के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया। गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब उनसे सवाल किए जाते हैं तो उनके हाथ कांपते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि चोरी पकड़ी गई है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि लोकतंत्र में वोट की कीमत समझना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज न्यायपालिका पर दबाव है और मीडिया अंबानी-अडानी के कब्जे में है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को झूठे मामलों में जेल भेजा गया, जबकि जो लोग भाजपा में शामिल हो गए, उनके भ्रष्टाचार के मामले “वॉशिंग मशीन” में धुल गए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है। खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा आरएसएस और मनुस्मृति की विचारधारा पर चल रही है, जो देश को बचा नहीं सकती बल्कि खत्म कर देगी। उन्होंने कहा, “वोट चोरी करने वाले गद्दार हैं। अगर संविधान और वोट के अधिकार को बचाना है तो इन लोगों को सत्ता से हटाना होगा।”
खड़गे ने यह भी कहा कि बेटे के ऑपरेशन के बावजूद वह रैली में इसलिए आए हैं क्योंकि उन्हें 140 करोड़ लोगों को बचाने की चिंता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा हिंदुत्व के नाम पर गरीबों को फिर से गुलामी की ओर धकेल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही देश को बचा सकती है और राहुल गांधी उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।
रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि पार्टी वोट चोरी और संविधान पर हमले के खिलाफ देशव्यापी लड़ाई लड़ेगी।




