
डीएपी खाद के लिए दर-दर भटक रहे बांदा के किसान मौन है जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
राकेश पाण्डेय
लखनऊ:बांदा/बबेरू। बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए. एस. नोमानी ने जनपद बांदा, विशेषकर बबेरू क्षेत्र में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर गहरी चिंता जताते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, इसके बावजूद आज जनपद बांदा और बबेरू क्षेत्र के किसानों को डीएपी खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। रबी की बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। हालात इतने गंभीर हैं कि किसान पूरी-पूरी रात खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है।
ए. एस. नोमानी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रशासन को पहले से मालूम है कि बुवाई के समय किसानों को डीएपी खाद की आवश्यकता होगी, तो आखिर खाद की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की गई? किसानों को समय पर खाद न मिलना उनके भविष्य और फसल दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक और सांसद को किसानों की इस गंभीर समस्या पर चुप्पी साधने के बजाय उनके बीच पहुंचकर आवाज उठानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर किसानों के हक में सड़क पर उतरना चाहिए। किसानों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन देने से नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई से होगा।
ए. एस. नोमानी ने बांदा जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि तत्काल डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों को खाद के लिए रातभर कतारों में न खड़ा होना पड़े और समय पर बुवाई हो सके।
अंत में उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। यदि बुवाई के समय ही किसान खाद के लिए परेशान रहेगा, तो उसकी फसल और परिवार का भविष्य प्रभावित होगा। किसानों के हितों की रक्षा करना प्रशासन और सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
किसान को खाद नहीं, तो खेती कैसे होगी? किसान खुशहाल नहीं, तो देश खुशहाल कैसे होगा।







