
दिल्ली की महिलाओं के खाते में आएंगे हर महीने ₹2,500, लक्ष्मी योजना का आगाज; 2,500 लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र
वीना टंडन
नई दिल्ली: दिल्ली की महिलाओं के लिए बुधवार को बड़ा दिन रहा। दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की औपचारिक शुरुआत करते हुए करीब 2,500 पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र सौंपे। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार के मुताबिक, सहायता राशि 1 सितंबर से सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होनी शुरू होगी।
तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाभार्थी महिलाओं को स्वीकृति पत्र वितरित किए। सरकार का कहना है कि इस योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहारा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद करना है।
1 सितंबर से खाते में पहुंचेगी रकम
योजना के तहत स्वीकृत लाभार्थियों को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता मिलेगी। पहली किस्त 1 सितंबर से बैंक खातों में भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
सरकारी पोर्टल के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र आवेदन के समय 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और परिवार की सालाना आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा दिल्ली का पंजीकृत मतदाता होना समेत अन्य पात्रता शर्तें भी निर्धारित की गई हैं।
लाखों महिलाओं ने कराया पंजीकरण
योजना के लिए आवेदन शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। अब पात्र आवेदनों के सत्यापन के बाद लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए जा रहे हैं। सरकार का जोर इस बात पर है कि पात्र महिलाओं को सहायता का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सके।



