
हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरे दो भारतीय टैंकर, ईरान से बातचीत जारी : जयशंकर
वीना टंडन
नई दिल्ली।मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने भारतीय टैंकरों को हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि इस मुद्दे पर भारत और ईरान के बीच लगातार बातचीत जारी है और इसके सकारात्मक नतीजे भी सामने आए हैं।
फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में जयशंकर ने कहा कि बातचीत एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और इसी के जरिए समाधान निकलता है। उन्होंने कहा कि भारत के नजरिए से आपसी संवाद और तालमेल से रास्ता निकालना बेहतर है।
विदेश मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारतीय ध्वज वाले जहाजों के लिए ईरान के साथ कोई व्यापक व्यवस्था नहीं है और हर जहाज की आवाजाही अलग-अलग परिस्थिति के आधार पर तय होती है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बदले में ईरान को कोई रियायत नहीं दी गई है।
जयशंकर के अनुसार भारत और ईरान के बीच लंबे समय से संबंध रहे हैं और उसी आधार पर बातचीत आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अभी कई भारतीय जहाज उस क्षेत्र में मौजूद हैं, इसलिए इस मुद्दे पर वार्ता जारी रहेगी।
इस बीच एलपीजी से भरे दो भारतीय टैंकर हॉर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित गुजर चुके हैं। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण यह जलडमरूमध्य फिलहाल संवेदनशील ‘चोक प्वाइंट’ बन गया है, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ने वाला एकमात्र समुद्री मार्ग है।

