
आजम व अब्दुल्ला फिर गिरफ्तार ईडी टीम के साथ मौजूद थे सीआरपीएफ के करीब 100 जवान
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
राकेश पाण्डेय
लखनऊ:समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से रिहा होने के कुछ ही घंटे बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें व बेटे को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया। इस जानकारी के बाद यूपी में सपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी असहज हो गये है।
रविवार को गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने उन्हें व अब्दुल्ला आजम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल ले जाया जाएगा. ईडी ने रविवार सुबह करीब 10:30 बजे आजम खान को विशेष अदालत में पेश किया. उनकी पेशी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. ईडी की टीम के साथ सीआरपीएफ पुलिस के करीब 100 जवान भी मौजूद रहे.
*कोर्ट पहुंचने पर शांत दिखे आजम खान*
जब आजम खान को अदालत परिसर लाया गया, तो वह काफी शांत नजर आए. इस दौरान वह आसपास मौजूद लोगों की तरफ देखते रहे. उन्होंने कार की खिड़की का शीशा खोला तो वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने उनसे पूछा कि क्या वह कुछ कहना चाहेंगे? इस पर आजम खान ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, ‘क्या रह गया है बोलने को.।
*रामपुर जेल से निकलते ही ईडी ने किया गिरफ्तार*
आजम खान की गिरफ्तारी शनिवार शाम उस समय हुई, जब वह करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे. उनके साथ उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी मौजूद थे. जेल से बाहर आने के कुछ ही देर बाद ईडी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद ईडी की टीम आजम खान को सीधे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले गई, जहां उन्हें रातभर रखा गया. रविवार को अदालत में पेश करने से पहले उनसे जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में कथित तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़े मामले में लंबी पूछताछ की गई. इस दौरान ईडी ने उनसे 50 से अधिक सवाल पूछे।
*हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद हुई थी रिहाई*
आजम खान पिछले करीब 11 महीने से रामपुर जेल में बंद थे. 29 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में उनकी 10 साल की सजा को निलंबित कर दिया था. इसके बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ शनिवार शाम करीब 7:15 बजे वह रामपुर जेल से बाहर आए. हालांकि, जेल से बाहर आने के कुछ ही समय बाद ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया. अब विशेष अदालत की ओर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत दिए जाने के बाद उन्हें डासना जेल भेजा जाएगा. इस घटनाक्रम के बाद आजम खान की जेल से रिहाई के तुरंत बाद दोबारा गिरफ्तारी का मामला राजनीतिक चर्चा में है।






