
एलपीजी संकट: अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई – सीएम रेखा गुप्ता
वीना टंडन
नई दिल्ली। एलपीजी संकट को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब भी देश किसी संकट का सामना करता है, तब सभी नागरिकों को एकजुट होकर मजबूती के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग जनता के बीच डर और अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी और केंद्र सरकार पूरी तरह सक्रिय होकर हालात को संभालने में जुटी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग इस संकट के दौरान भ्रष्टाचार या मुनाफाखोरी के जरिए फायदा उठाने की कोशिश करेंगे, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बूढ़पुर स्थित ‘अपना घर आश्रम’ के 12वें वार्षिकोत्सव और संस्था के रजत जयंती समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि ‘अपना घर’ ऐसा उदाहरण है जहां सरकार और समाज मिलकर जरूरतमंदों की सेवा कर रहे हैं। यहां बेसहारा, निराश्रित और समाज से अलग हो चुके लोगों की देखभाल, उनके रहने-खाने की व्यवस्था और जीवन प्रबंधन का कार्य अत्यंत सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बहनें और अन्य लोग कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं, उन्हें ‘अपना घर आश्रम’ से जोड़कर उनकी सेवा करना वास्तव में महान सामाजिक कार्य है।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि पिछले 26 वर्षों से यह संस्था बेसहारा, निराश्रित और अस्वस्थ लोगों की निस्वार्थ सेवा कर रही है। वर्तमान में ‘अपना घर आश्रम’ के देशभर में 70 से अधिक केंद्र संचालित हो रहे हैं और विदेशों में भी इसकी सेवाएं लगातार विस्तार पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के दर्शन को लक्ष्य मानते हुए दिल्ली सरकार भी हर जरूरतमंद तक सम्मान, सुरक्षा और सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने जनसेवा के इस पुनीत कार्य के लिए ‘अपना घर आश्रम’ संस्था को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं
