
तालाब में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
फिरोजाबाद। थाना फरिहा क्षेत्र के गांव रीवा में तालाब में डूबने से तीन वर्षीय मासूम कृष्णा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि कृष्णा के पिता रिंकू तालाब में मछली पालन का काम करते हैं। मंगलवार शाम करीब 6 बजे रिंकू तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान मासूम कृष्णा चुपचाप उनके पीछे तालाब तक पहुंच गया, लेकिन पिता को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
तालाब से घर लौटने के बाद परिजनों को कृष्णा के लापता होने का पता चला। इसके बाद परिवार ने आसपास काफी तलाश की। खोजबीन के दौरान बच्चे के तालाब में डूबे होने की जानकारी मिली।
परिजनों ने कृष्णा को तालाब से बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन वर्षीय मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थान: थाना फरिहा क्षेत्र, गांव रीवा, फिरोजाबाद





