
M D जैन इंटर कॉलेज में प्रोजेक्ट प्रदर्शन के लिए गोष्ठी आयोजित
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
सिरसागंज, फिरोजाबाद। भारत सरकार के उपक्रम राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत, जिला विद्यालय निरीक्षक फिरोजाबाद श्रीमती मुदिता पाण्डेय के निर्देशन में 32वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के प्रोजेक्ट प्रदर्शन को लेकर एमडी जैन इंटर कॉलेज में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन ने किया।
जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन ने विद्यार्थियों को बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का प्रोजेक्ट प्रदर्शन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक कार्यक्रम है। प्रोजेक्ट कार्यों से विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ती है और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रोजेक्ट प्रदर्शन का मुख्य विषय “स्थिरता के लिए विज्ञान और नवाचार” है। इसके अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संसाधन, भोजन, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा स्थिरता के लिए भारतीय ज्ञान प्रणालियों के अनुप्रयोग जैसे विषयों पर प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे। विद्यार्थियों को भारत में ई-कचरे के मूल्य तथा उसके पुनर्चक्रण की संभावनाओं का आकलन जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई।
गोष्ठी में विद्यार्थियों को शोध परियोजना के दस्तावेजीकरण के बारे में विस्तार से बताया गया। इसमें शीर्षक पृष्ठ, सारांश, आभार, विषय सूची, परिचय, साहित्य समीक्षा, कार्यविधि, परिणाम, चर्चा, निष्कर्ष एवं संदर्भ आदि को शामिल करने की जानकारी दी गई।
अश्वनी कुमार जैन ने जनपद में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के लिए पंजीकरण कराने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म को हस्ताक्षरित कर विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट के सारांश शीघ्र अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर वासुदेव, विल्सन, सत्यम गोस्वामी, तुषार, वंश, कृष्णा, अनमोल, गुफरान, गिलक्रिस्ट, रामगोपाल, नीलेश, अनुराग सिंह, ऋषि, राघवेन्द्र सिंह, सम्राट, कार्तिक, विवेक, विनय, गजेंद्र, अंशु, गर्ग देव, अमरदीप, सीटू, सत्यम, लवकुश, गोलू, रिहान, दीपक, गुलशन, अनिकेत, विशाल, मोहित, हिमांशु, विनायक, मीत, शिवम एवं अभिषेक आदि उपस्थित रहे।






