
फिरोजाबाद एमडी जैन इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
सिरसागंज। नगर के प्रतिष्ठित श्री एमडी जैन इंटर कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन एवं प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन के संयोजन में अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन ने ध्वजारोहण कर किया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भगवान महावीर स्वामी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। वहीं मां सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर सत्यपाल सिंह ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मोहनदास करमचंद गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को पोरबंदर में हुआ था। सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के माध्यम से उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके जन्मदिवस 2 अक्टूबर को भारत में गांधी जयंती तथा संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
संदीप जैन ने विद्यार्थियों को लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं देश के प्रति उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शास्त्री जी का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को मुगलसराय में हुआ था। वे 1964 में भारत के दूसरे प्रधानमंत्री बने। वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने देश का नेतृत्व किया और ‘जय जवान, जय किसान’ का प्रसिद्ध नारा दिया। 11 जनवरी 1966 को ताशकंद में उनका निधन हुआ।
प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री को उनकी सादगी, देशभक्ति एवं ईमानदारी के लिए मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
श्रीमती साधना मोडवेल के निर्देशन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। रामधुन की प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली तथा स्काउट-गाइड के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अश्वनी कुमार जैन ने किया, जबकि प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






