DelhiEntertainment & SportsNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

हेमा मालिनी ने नम आंखों से ग्रहण किया धर्मेंद्र का पद्म विभूषण, समारोह में भावुक हुए लोग

वीना टंडन
नई दिल्ली। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार समारोह इस बार कई भावुक पलों का गवाह बना। दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी, अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया। इस दौरान उनकी बेटी अहाना देओल भी मौजूद थीं।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में जैसे ही हेमा मालिनी मंच की ओर बढ़ीं, माहौल बेहद भावुक हो गया। पति के सम्मान को ग्रहण करते समय उनके चेहरे पर गर्व और अपार दुख दोनों साफ दिखाई दे रहे थे। पुरस्कार लेते समय उनकी आंखें नम हो गईं, वहीं अहाना देओल भी भावुक नजर आईं।

पद्म विभूषण देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। धर्मेंद्र भारतीय सिनेमा के उन दिग्गज कलाकारों में रहे, जिन्होंने दशकों तक अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया। उनका निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में हुआ था। बताया गया था कि सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

समारोह में बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया। भारतीय सिनेमा में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

सम्मान मिलने के बाद प्रोसेनजीत चटर्जी ने कहा, “मैं आज बेहद खुश हूं। एक अभिनेता के रूप में मेरा सफर 40 साल से ज्यादा का रहा है और इस दौरान मैंने 400 से अधिक फिल्मों में काम किया है। इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”

वहीं, भारतीय विज्ञापन जगत के प्रसिद्ध नाम पीयूष पांडेय को कला के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उन्होंने ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ समेत 100 से अधिक यादगार विज्ञापनों के जरिए भारतीय विज्ञापन जगत को नई पहचान दिलाई।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button