DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

हज की तैयारियां तेज: यात्रियों के लिए प्रशिक्षण शिविर, स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण शुरू

18 अप्रैल से हज यात्रियों की रवानगी

वीना टंडन
नई दिल्ली, 3 फरवरी। पवित्र माह रमजान के नजदीक आते ही हज बैतुल्लाह की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली स्टेट हज कमेटी की ओर से हज 2026 पर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रशिक्षण शिविरों का शुभारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। हज यात्रियों की पहली खेप 18 अप्रैल से रवाना होगी।
दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने बताया कि 2 फरवरी से 17 फरवरी तक हज प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान दिल्ली के विभिन्न इलाकों से हज यात्रियों को अलग-अलग तिथियों में बुलाकर हज के अरकान, विधियों और जरूरी मसलों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण सत्रों में उप कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली, हज कमेटी के आधिकारिक प्रशिक्षक, प्रसिद्ध फिटनेस ट्रेनर डॉ. बदरुल इस्लाह कीरानवी, मुफ्ती शमीम अहमद कासमी, आलिमा सबीहा सालेहाती और महिला फिटनेस ट्रेनर कौसर ने यात्रियों को हज की धार्मिक, शारीरिक और व्यावहारिक तैयारियों से अवगत कराया।
हज यात्रियों के प्रशिक्षण का दूसरा चरण रमजान मुबारक के बाद शुरू होगा, जिसमें क्षेत्रीय स्तर पर दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में शिविर लगाकर यात्रियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सभी हाजियों को अपने क्षेत्र के पास ही मार्गदर्शन मिल सके।
इसी बीच हज यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। सऊदी अरब सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय और हज व उमरा मंत्रालय की हिदायतों के अनुरूप, भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में विशेष स्वास्थ्य जांच की जा रही है। हज कमेटी ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे रमजान के रोजे शुरू होने से पहले अपनी जांच और टीकाकरण पूरा कर लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।
हज 2026 को लेकर एक अहम बदलाव यह है कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यात्रियों को अपनी सुविधा और पसंद के अनुसार हज की उड़ान स्वयं बुक करने का अधिकार दिया है। हज के इतिहास में पहली बार दी गई इस सुविधा से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी और सऊदी अरब में ठहराव व व्यवस्थाओं को समय पर सुचारु करने में भी मदद मिलेगी।
इस वर्ष हज के दौरान अय्याम-ए-हज के पाँच प्रमुख दिनों में मिना में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक हाजी को तय सोफा, बेड और सामान रखने के लिए ऊपर रैक दी जाएगी। इसके अलावा मक्का में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कमरों में ठहरने की व्यवस्था होगी। पूर्व वर्षों के विपरीत इस बार स्वयं भोजन पकाने पर रोक लगाई गई है। साथ ही राशन, घी-तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री अपने साथ ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
दिल्ली स्टेट हज कमेटी का कहना है कि इन नई व्यवस्थाओं से हज यात्रियों को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक हज यात्रा का अनुभव मिलेगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button