DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

पूर्वी दिल्ली पुलिस ने आगामी त्योहारों को लेकर की शांति समिति की बैठक

वीना टंडन
पूर्वी दिल्ली।शब-ए-बारात, महाशिवरात्रि और रमजान जैसे आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पूर्वी जिला पुलिस द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस विनीत कुमार ने की।
बैठक में विभिन्न धार्मिक संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जिले के सभी थाना प्रभारियों (एसएचओ) और सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) ने भाग लिया। इस दौरान मौजूद प्रतिनिधियों ने अपने-अपने धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी पुलिस को दी और आवश्यक सहयोग की अपील की।
एडिशनल डीसीपी विनीत कुमार ने कहा कि सभी धर्मों और जातियों के लोगों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे।
उन्होंने कहा कि भारत की पहचान “विविधता में एकता” से है। साथ ही उन्होंने चिंता जताते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में शब-ए-बारात के दौरान कुछ युवक पूजा के नाम पर सड़कों पर मोटरसाइकिलों से स्टंट करते देखे गए हैं, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्टंट करने या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई एकता कमेटी के डॉ. परवेज मियां, रियाजुद्दीन सैफी, मुमताज सैफी, पिंकी त्यागी, रजत सेठ, राहुल, हरीश गोला, बिलाल अंसारी, धर्मेंद्र धामा और रईस खान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button