DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

राहुल गांधी के चीन–डोकलाम संदर्भ पर लोकसभा में हंगामा

अप्रकाशित पुस्तक का हवाला देने पर रक्षा मंत्री ने जताई आपत्ति

वीना टंडन
नई दिल्ली | लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चीन और डोकलाम से जुड़े मुद्दे पर एक मैगज़ीन लेख का हवाला देकर चर्चा किए जाने पर सदन में तीखा हंगामा देखने को मिला। ट्रेजरी बेंच के सदस्यों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई, जबकि राहुल गांधी अपने स्रोत को भरोसेमंद बताते रहे।
राहुल गांधी ने सदन में दावा किया कि पूर्व थलसेनाध्यक्ष जनरल मनोज नरवणे की एक पुस्तक में डोकलाम क्षेत्र में चीनी टैंकों की भारतीय सीमा के निकट मौजूदगी का उल्लेख है। हालांकि, जिस पुस्तक का हवाला दिया गया, वह अभी प्रकाशित नहीं हुई है। इसी आधार पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के वक्तव्य पर आपत्ति दर्ज कराई।
रक्षा मंत्री ने कहा कि लोकसभा के नियमों के तहत किसी अप्रकाशित पुस्तक या प्रकाशित मैगज़ीन की कहानी के कोट्स का हवाला देना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि कोई किताब प्रकाशित ही नहीं हुई है, तो उसके अंशों को सदन में उद्धृत नहीं किया जा सकता।
इस पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका स्रोत विश्वसनीय है और इसमें पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज नरवणे के अप्रकाशित संस्मरणों के उद्धरण शामिल हैं। राहुल गांधी के इस तर्क पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सांसद द्वारा किया गया दावा तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। उन्होंने कहा कि खुद राहुल गांधी स्वीकार कर रहे हैं कि पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है, तो फिर उसे कोट करने का सवाल ही नहीं उठता।
अखिलेश यादव ने दी संयम की सलाह
इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चीन से जुड़े मुद्दे को संवेदनशील बताते हुए कहा कि यदि विपक्ष के नेता के पास देशहित से जुड़ा कोई ठोस सुझाव है, तो उसे सदन में पढ़कर सुनाना चाहिए। उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को चीन के प्रति सदैव सतर्क रहना चाहिए।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार चर्चा सुनने के लिए तैयार है, लेकिन रूलिंग के बाद भी उसी विषय को दोबारा पढ़े जाने से सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होनी है और किसी की मनमानी से सदन नहीं चल सकता।
नियमों को लेकर भी हुई बहस
कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने लोकसभा का नियम 349 पढ़ते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस पार्टी पर गलत आरोप लगाए हैं। इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सदस्य द्वारा कही गई बात सत्य नहीं है।
तेजस्वी सूर्या ने 2004 से 2014 तक के राष्ट्रपति के अभिभाषणों का हवाला देते हुए कहा कि जिन शब्दों का आरोप लगाया जा रहा है, वे अभिलेखों में मौजूद नहीं हैं। इस दौरान वेणुगोपाल ने फिर बोलना शुरू किया, जिस पर स्पीकर ने हस्तक्षेप करते हुए निर्देश दिया कि विपक्ष के नेता को बोलने दिया जाए। स्पीकर ने यह भी कहा कि सदन में नेता प्रतिपक्ष किसी मामले में वकील की तरह खड़े होकर बहस नहीं कर सकते।
सदन में हंगामे के बीच कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button