
घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित, रेल-हवाई यातायात पर असर
दिल्ली-NCR में विजिबिलिटी घटी, AQI में मामूली सुधार
वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रविवार सुबह से घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर व्यापक असर देखा गया। हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए और चालकों को हेडलाइट व इंडिकेटर जलाकर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा।
कोहरे की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। वहीं, हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही राष्ट्रीय राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए घना कोहरा, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी थी।
हवा की गुणवत्ता में हल्का सुधार
कोहरे के बीच राजधानी की हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार दर्ज किया गया है, हालांकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अब भी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत AQI 240 के आसपास दर्ज किया गया।
दिल्ली-NCR में AQI की स्थिति
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, आनंद विहार में AQI 244, बवाना में 227, द्वारका में 243, आईजीआई एयरपोर्ट पर 134, आईटीओ में 194, जहांगीरपुरी में 281, मुंडका में 243, पंजाबी बाग में 218, रोहिणी में 225 और वजीरपुर में 265 दर्ज किया गया।
दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्रों की बात करें तो गाजियाबाद में AQI 259, नोएडा में 237 और हरियाणा के गुरुग्राम में 239 रिकॉर्ड किया गया, जो सभी ‘खराब’ श्रेणी में आते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह और देर रात कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
