
सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता का निर्धारण नियमानुसार पदोन्नति तिथि के आधार पर किया जाए*शिक्षक संघ
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
बुलबुल पाण्डेय
गाजीपुर:जिले में प्रकाशित अनंतिम वरिष्ठता सूची में व्याप्त विसंगतियों को लेकर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद शाखा के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर विसंगतियां दूर कर संशोधित सूची प्रकाशित करने की मांग की।
ज्ञापन में संघ ने 3 बड़ी मांगें उठाई हैं – 1. पदोन्नति तिथि से हो वरिष्ठता का निर्धारण:संघ ने मांग की कि प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता का निर्धारण नियमानुसार पदोन्नति तिथि के आधार पर किया जाए। अभी सूची में इस नियम का पालन नहीं किया गया है।
जिससे कई वरिष्ठ शिक्षक जूनियर हो गए हैं। 2. दिव्यांग शिक्षकों को मिले उचित स्थान दिव्यांग शिक्षकों को शासनादेश एवं निर्धारित आरक्षण नियमों के अनुरूप वरिष्ठता सूची में उचित स्थान प्रदान किया जाए। संघ ने कहा कि दिव्यांग शिक्षकों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 3. जुलाई से रुका वाहन भत्ता नवंबर के वेतन के साथ मिले:संघ ने यह भी मांग उठाई कि जुलाई माह से लेखाधिकारी द्वारा रोके गए दिव्यांग वाहन भत्ते का भुगतान नवंबर माह के वेतन के साथ कराया जाए।
महीनों से भत्ता रुके होने से दिव्यांग शिक्षकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सभी अभिलेखों का हो परीक्षण पदाधिकारियों ने वरिष्ठता सूची तैयार करते समय शिक्षकों की नियुक्ति तिथि, पदोन्नति तिथि, प्रशिक्षण तिथि सहित सभी संबंधित अभिलेखों का समुचित परीक्षण करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी शिक्षक के साथ अन्याय न हो।संघ ने बीएसए से सभी बिंदुओं पर नियमानुसार विचार करते हुए विसंगतियों को दूर कर संशोधित वरिष्ठता सूची प्रकाशित कराने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय, जिलाध्यक्ष राधेश्याम सिंह यादव, जिला महामंत्री अजय कुमार, ओम प्रकाश सिंह, नितिन राय, मनोज कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द विसंगतियां दूर नहीं की गईं, तो संघ आगे आंदोलन के लिए बाध्य होगा।






