News

अमेरिका में भीषण शीत तूफान का खतरा, 16 राज्यों में इमरजेंसी घोषित

5,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द, FEMA अलर्ट मोड पर

वॉशिंगटन। अमेरिका के बड़े हिस्से में रिकॉर्ड ठंड और भीषण शीत तूफान की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने 16 राज्यों में आपातकाल की घोषणा कर दी है। तूफान से निपटने और राहत संसाधनों की तैनाती के लिए डेलावेयर, मिसौरी, अर्कांसस, लुइसियाना, मिसिसिपी, टेनेसी, अलबामा, जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना, वर्जीनिया, न्यूयॉर्क, केंटकी, मैरीलैंड, न्यू जर्सी और कैंसस में इमरजेंसी लागू की गई है।
शीत तूफान का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ नजर आ रहा है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, फ्लाइट ट्रैकिंग एजेंसी फ्लाइट अवेयर ने बताया कि स्थानीय समयानुसार शनिवार सुबह दो बजे तक रविवार के लिए निर्धारित 5,100 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। शुक्रवार रात से अब तक करीब 1,000 अतिरिक्त उड़ानें भी कैंसिल हुई हैं। वहीं, विमान बुकिंग साइट्स के मुताबिक शनिवार की लगभग 3,200 उड़ानें पहले ही रद्द की जा चुकी हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले ट्रंप सरकार के दौरान हुए सबसे लंबे शटडाउन के समय ही इतनी बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुई थीं।
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा था कि उन्हें अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में आने वाली रिकॉर्ड ठंड और शीत तूफान की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि संघीय सरकार राज्य और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हालात पर नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन एजेंसी FEMA पूरी तरह तैयार है। ट्रंप ने नागरिकों से सुरक्षित और गर्म रहने की अपील की।
व्हाइट हाउस ने भी पुष्टि की है कि राष्ट्रपति को लगातार हालात की जानकारी दी जा रही है और वे सभी संबंधित विभागों के संपर्क में हैं। अधिकारियों के अनुसार, संभावित लंबे समय तक बिजली गुल रहने और सड़कों के बंद होने की आशंका को देखते हुए FEMA ने दक्षिणी और पूर्वी इलाकों में पहले ही राहत सामग्री पहुंचा दी है। इनमें 70 लाख से अधिक भोजन पैकेट, 20 लाख लीटर से ज्यादा पानी, छह लाख से अधिक कंबल और 300 से ज्यादा जनरेटर शामिल हैं। इसके अलावा 28 FEMA अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू टीमें भी तुरंत तैनाती के लिए तैयार रखी गई हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button