
फिरोजाबाद गांधी जयंती पर शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार!
स्टार न्यूज़ टेलीविजन | उत्तर प्रदेश
मुख्य संवाददाता फिरोजाबाद
गांधी जयंती पर शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार!
मक्खनपुर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त छापेमारी, 29 पेटी अवैध शराब बरामद
करीब 2 लाख रुपये से अधिक कीमत की शराब पकड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
गांधी जयंती के मौके पर जहां पूरे देश में नशामुक्ति और शराबबंदी को लेकर जागरूकता का संदेश दिया जा रहा था, वहीं फिरोजाबाद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
थाना मक्खनपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए 29 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि शराब बंदी के चलते कुछ अवैध शराब कारोबारी सक्रिय होकर शराब की तस्करी और बिक्री की कोशिश में जुटे थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सलिमपुर गांव में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
ASP के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अवैध शराब के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति इस अवैध कारोबार में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिरोजाबाद से स्टार न्यूज़ टेलीविजन के लिए मुख्य संवाददाता की रिपोर्ट।






