
राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने पर अश्वनी कुमार जैन का सम्मान
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
फिरोजाबाद। श्री एम.डी. जैन इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ, फिरोजाबाद के पदाधिकारियों एवं शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. दिलीप आमोरिया ने जनपद फिरोजाबाद के श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने पर शॉल एवं पटका ओढ़ाकर सम्मानित किया।
यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर में प्रदान किया गया था। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमेश चन्द्र यादव ने बताया कि अश्वनी कुमार जैन को विद्यालय एवं जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
डॉ. दिलीप आमोरिया ने अश्वनी कुमार जैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह माध्यमिक शिक्षा विभाग, जनपद फिरोजाबाद एवं सिरसागंज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि अश्वनी कुमार जैन यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले जनपद फिरोजाबाद के प्रथम शिक्षक हैं।
जिला मंत्री राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अश्वनी कुमार जैन विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने विद्यालय एवं जनपद में लगभग एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियों का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उनके अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अश्वनी कुमार जैन ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के सभी पदाधिकारियों, एमएलसी प्रत्याशी डॉ. दिलीप आमोरिया, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षक साथियों, विद्यालय प्रबंध समिति, समस्त विद्यालय परिवार तथा मीडिया वर्ग का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि उनका सदैव प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नवाचार के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि उनमें नई सोच एवं रचनात्मक क्षमता का विकास हो सके।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष सुरेश मिश्रा, उपाध्यक्ष संजीव कुमार जैन, प्रवक्ता सुनील कुमार यादव, जिला कार्यकारिणी सदस्य अंकित कुमार जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।






