Newsउत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

आम आदमी पार्टी ने फिरोजाबाद में लगाया रक्तदान शिविर भगत सिंह जयंती के अवसर पर

स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश

फिरोजाबाद। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर प्रदेशभर में आयोजित रक्तदान अभियान के क्रम में रविवार को आम आदमी पार्टी फिरोजाबाद द्वारा एसएन मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुनंदन दास गुप्ता ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाध्यक्ष शीलेन्द्र वर्मा ने कहा कि भगत सिंह ने देश की आजादी और सम्मान के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनके जन्मदिवस पर रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का संकल्प लेना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना पार्टी की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “भगत सिंह जी ने देश के लिए अपना खून दिया था, आज हम किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए अपना रक्त दे रहे हैं। यही सेवा की भावना इंकलाब के विचारों को समाज में जीवित रखती है।”

रक्तदान से बड़ा जीवनदान नहीं: रघुनंदन दास गुप्ता

कार्यक्रम के शुभारंभकर्ता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रघुनंदन दास गुप्ता ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। दान किया गया रक्त दुर्घटना पीड़ित, गंभीर मरीज, प्रसूता अथवा अन्य जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में उपयोगी हो सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

महानगर अध्यक्ष नदीम सिद्दीकी ने कहा कि भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को मानवता की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान केवल सामाजिक सेवा ही नहीं, बल्कि इंसानियत के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

युवाओं को भगत सिंह के विचारों से जोड़ना जरूरी: अमित गर्ग

आम आदमी पार्टी फिरोजाबाद विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एडवोकेट अमित गर्ग ने कहा कि आज के युवाओं में सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना जरूरी है। भगत सिंह के विचार केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और सामाजिक कार्यों में उतारना चाहिए।

इस अवसर पर ब्लड बैंक की एचओडी डॉ. गरिमा की उपस्थिति में दोपहर दो बजे तक 23 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि शिविर में आगे भी लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई।

कार्यक्रम में विख्यात शर्मा, सत्यभान यादव, ईलू राठौर, रजत पचौरी, कृष्णा, गोविंद झा, निर्मल वर्मा, सुनील निषाद सहित आम आदमी पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button