
जेवर टोल के पास चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत
दिल्ली से महोबा जा रही यात्री बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग; कई यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान, चालक हिरासत में
वीना टंडन
गौतमबुद्ध नगर,। जेवर टोल के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही एक यात्री बस अचानक आग का गोला बन गई। बस में आग लगने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कुछ यात्रियों ने खिड़की से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
जेवर कोतवाली पुलिस के मुताबिक हादसा दयानतपुर गांव के समीप रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
पांच दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा प्रारंभिक कारण
एआरटीओ प्रवर्तन गौतमबुद्ध नगर डॉ. उदित नारायण पाण्डेय के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है। दुर्घटनाग्रस्त बस का पंजीकरण नंबर BR 32PA-8647 बताया गया है। प्राथमिक जांच में बस के फिटनेस, परमिट समेत सभी जरूरी दस्तावेज वैध पाए गए हैं।
चालक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने बस चालक पवन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद सुरक्षित बचे यात्रियों के लिए तत्काल वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं। मृतकों की पहचान और हादसे में घायल यात्रियों से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।




