
यूपी अश्वनी जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने पर डीआईओएस ने जताया हर्ष
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
फिरोजाबाद। गोरखपुर में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों द्वारा श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को मानविकी वर्ग में राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया गया।
अश्वनी कुमार जैन को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, विद्यार्थियों में नागरिक शास्त्र विषय के प्रति रुचि बढ़ाने तथा विभिन्न शैक्षिक नवाचारों के लिए प्रदान किया गया। उनके द्वारा नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का मॉडल निर्माण, संविधान की प्रस्तावना पाठ, संविधान क्विज, पोस्टर प्रतियोगिता, वीडियो के माध्यम से अध्ययन, शैक्षिक भ्रमण एवं टीएलएम आधारित शिक्षण जैसी गतिविधियों का संचालन किया जाता रहा है।
विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों के आयोजनों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रहती है। इसके अलावा स्वच्छ भारत अभियान, वृक्षारोपण एवं सामाजिक कार्यों में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक फिरोजाबाद श्रीमती मुदिता पाण्डेय ने अश्वनी जैन को पटका पहनाकर, मिष्ठान खिलाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अश्वनी जैन कई वर्षों से राज्य अध्यापक पुरस्कार के प्रतिभागी रहे हैं। वह विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हुए विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में पूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं।
डीआईओएस ने बताया कि अश्वनी जैन जनपद के विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में सहयोग देने के साथ जिला विज्ञान क्लब, फिरोजाबाद के जिला समन्वयक की भूमिका भी सफलतापूर्वक निभा रहे हैं, जिससे जनपद की प्रतिभाओं को राज्य स्तर तक प्रतिभाग करने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार जैन ने डीआईओएस श्रीमती मुदिता पाण्डेय, अपने परिवार, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षक साथियों, विद्यालय प्रबंध समिति, समस्त विद्यालय परिवार एवं मीडिया वर्ग का आभार व्यक्त किया।






