DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

किशोर की आवाज में रंगा मलेशियाई PM का दिल, अनवर ने गाया ‘ख्वाब हो तुम…’

वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी में आयोजित BRICS Summit के दौरान शनिवार को हुआ गाला डिनर उस समय खास बन गया, जब मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मंच पर भारतीय सिनेमा के सदाबहार गीतों की धुन छेड़ दी। दुनिया के कई नेताओं की मौजूदगी में अनवर ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…’ को अपनी आवाज में गुनगुनाया। उनके इस अंदाज ने गाला डिनर की शाम में भारतीय संगीत का रंग भर दिया।

यह गीत वर्ष 1965 में रिलीज हुई फिल्म तीन देवियां का है। मूल रूप से इसे किशोर कुमार ने आवाज दी थी। गीत का संगीत एस.डी. बर्मन ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे। अनवर इब्राहिम ने इस खास पल का करीब डेढ़ मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?’

मुकेश का सदाबहार गीत भी गुनगुनाया

अनवर इब्राहिम यहीं नहीं रुके। उन्होंने फिल्म संगम का लोकप्रिय गीत ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ भी गाया। इस गीत को मुकेश ने अपनी आवाज दी थी, जबकि संगीत शंकर-जयकिशन का था और गीतकार शैलेंद्र थे। भारतीय फिल्म संगीत के इन सदाबहार गीतों को मलेशियाई प्रधानमंत्री के अंदाज में सुनना गाला डिनर के मेहमानों के लिए यादगार पल बन गया।

खाने की थाली में दिखी भारत की विविधता

BRICS Gala Dinner में दुनिया के नेताओं और प्रतिनिधियों के सामने भारतीय खान-पान की विविधता भी पेश की गई। मेन्यू में देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ पुरानी दिल्ली के मशहूर स्वाद को भी जगह दी गई।

स्टार्टर में खंडवी मिल-फ्यूई और खुंब गलौटी परोसे गए। मुख्य भोजन में पनीर लबाबदार, गुच्ची मार्मिक, कैरेट बीन पोरियल, थक्काली बेले सारू और मिलेट पुलाव शामिल रहे। इनके साथ चुकंदर का रायता और विभिन्न प्रकार की भारतीय ब्रेड भी परोसी गईं।

मिठाई में ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और शहतूत फिरनी ने मेहमानों को भारतीय स्वाद का एक अलग अनुभव दिया।

160 कलाकारों ने पेश की ‘BRICS Symphony’

गाला डिनर के दौरान करीब 160 कलाकारों ने ‘BRICS Symphony’ नाम से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। करीब 20 से 25 मिनट चले इस कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत और BRICS देशों की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संगम देखने को मिला।

भारत की ओर से भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी और कथक जैसे शास्त्रीय नृत्यों की प्रस्तुति दी गई। पारंपरिक भारतीय वाद्य यंत्रों के साथ संगीत और गायन ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) ने किया था।

संस्कृति, स्वाद और संगीत से सजी यादगार शाम

BRICS Gala Dinner महज औपचारिक रात्रिभोज नहीं रहा। भारतीय व्यंजनों की खुशबू, शास्त्रीय नृत्य-संगीत की प्रस्तुति और BRICS देशों की सांस्कृतिक झलक ने इसे यादगार बना दिया। इसी रंगीन माहौल में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का किशोर कुमार और मुकेश के सदाबहार गीत गाना पूरी शाम का सबसे चर्चित आकर्षण बन गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button