
AI की ‘मॉर्फिंग’ से ‘जुगनी’ पर विवाद, सोनू ठुकराल पहुंचे साइबर क्राइम सेल
15 मिलियन व्यूज के बाद हटाया गाना, विवादित दृश्य को एडिट कर नए वर्जन के साथ किया रिलीज
वीना टंडन
नई दिल्ली। लोकप्रिय गायक सोनू ठुकराल के नए गाने ‘जुगनी’ की लोकप्रियता के बीच अब एआई के कथित दुरुपयोग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने गाने के एक छोटे से विवादित दृश्य को एआई तकनीक के जरिए एडिट और मॉर्फ कर सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से प्रसारित किया। मामले को लेकर सोनू ठुकराल ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
गाने के रिलीज होने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और करीब 15 मिलियन व्यूज हासिल कर चुका था। इसी दौरान गाने के एक दृश्य को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मूल वीडियो के अंश के साथ छेड़छाड़ कर उसे अलग रूप में पेश किया और सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे प्रसारित किए।
विवाद बढ़ा तो गायक ने हटाया मूल वीडियो
लगातार बढ़ती चर्चाओं और गलतफहमियों के बीच सोनू ठुकराल ने अपने आधिकारिक चैनल से गाना हटा दिया। इसके बाद विवादित दृश्य में बदलाव कर गाने का नया वर्जन रिलीज किया गया। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद भी कुछ लोग एआई की मदद से तैयार किए गए एडिटेड वीडियो और भ्रामक सामग्री को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं।
प्रतिष्ठा खराब करने की साजिश का आरोप
सोनू ठुकराल ने साइबर क्राइम सेल में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर गाने और उससे जुड़े कलाकारों की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि एडिटेड और मॉर्फ किए गए वीडियो के जरिए दर्शकों के बीच गलत धारणा पैदा की जा रही है।
गायक ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी एडिटेड या संदिग्ध वीडियो पर भरोसा न करें और गाने को केवल उसके आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर ही देखें। उन्होंने साइबर क्राइम विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विवाद के बावजूद ‘जुगनी’ का नया वर्जन भी दर्शकों के बीच चर्चा में बना हुआ है और सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है।






