
दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात, ‘लक्ष्मी योजना’ का पोर्टल शुरू
पात्र महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा—महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
वीना टंडन
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को योजना के पोर्टल का शुभारंभ करते हुए घोषणा की कि दिल्ली की पात्र महिलाएं अब आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकती हैं।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार ने इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
पोर्टल शुरू होते ही करीब 500 आवेदन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पोर्टल शुरू होने के बाद ही करीब 500 महिलाओं ने सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को योजना के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना राजधानी की महिलाओं को सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक आजादी के साथ आगे बढ़ने में मदद करेगी। सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल थी योजना
दिल्ली मंत्रिमंडल ने मंगलवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी दी थी। यह योजना पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल थी। योजना के लागू होने के बाद पात्र महिलाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मासिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार की ओर से महिलाओं से अपील की गई है कि वे योजना से संबंधित जानकारी और पंजीकरण के लिए केवल आधिकारिक पोर्टल का ही इस्तेमाल करें।
‘वादे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने वादों को जमीन पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जीने का अवसर देना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

