
सम्राट खारवेल के 2200वें जयंती वर्ष को दिल्ली सरकार का साथ, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया सालभर सहयोग का ऐलान
वीना टंडन
नई दिल्ली। कलिंग चक्रवर्ती जैन सम्राट खारवेल की 2200वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जैन समाज को बड़ा भरोसा देते हुए घोषणा की कि दिल्ली सरकार वर्षभर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक गुरुओं, संत-महात्माओं और जैन समाज के विद्वानों के आशीर्वाद से ही उन्हें आज यह जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला है।
कृष्णा नगर स्थित देवस्य सिटी सेंटर, कड़कड़डूमा में श्री दिगम्बर जैन समाज एवं एकल महिला समाज द्वारा आयोजित मंगल कलश स्थापना समारोह और सम्राट खारवेल की 2200वीं जयंती समारोह में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सम्राट खारवेल के आदर्श और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर सम्राट खारवेल के जीवन पर आधारित एक फीचर फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
समारोह में आचार्य प्रज्ञ सागर मुनि ने अपने प्रवचन में कहा कि मंगल कलश स्थापना के साथ ही “सम्राट खारवेल महागौरव वर्षायोग” का शुभारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि सम्राट खारवेल भारतीय इतिहास के महान शासकों में से एक थे और उनकी 2200वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली सहित देशभर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान श्री दिगम्बर जैन समाज के प्रधान सतीश चंद्र जैन, महामंत्री प्रमोद जैन, प्रियांशु जैन और मीडिया संयोजक टीनू जैन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन पद पर निर्मल जैन की नियुक्ति के लिए अभिनंदन किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
समारोह में सांसद ललित गांधी, विधायक अनिल गोयल, संजय गोयल, अरविंद सिंह लवली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, धार्मिक गुरु और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





