
मरहूम बाहुबली रहे मोख्तार के विधायक बेटे अब्बास व बहू निकहत के मामले में सुनवाई
स्टार न्यूज़ टेलिविजन
राकेश पाण्डेय
लखनऊ:बांदा में चित्रकूट जेल में विधायक अब्बास अंसारी एवं उनकी पत्नी निकहत की मुलाकात मामले में शुक्रवार को भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय बांदा में सुनवाई होगी। यह मामला 10 फरवरी 2023 को उस समय उजागर हुआ था, जब चित्रकूट जेल में तत्कालीन जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने छापा मारा था। छापेमारी के दौरान अब्बास अंसारी की पत्नी निकहत जेल अधीक्षक के कक्ष में मिली थीं।
*जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली*
जांच में सामने आया था वह नियमों के विपरीत लंबे समय तक जेल परिसर में रहीं। इस घटना के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए थे। मामले में कर्वी कोतवाली में विधायक अब्बास अंसारी, उनकी पत्नी निकहत, चालक ललक नियाज, तत्कालीन जेल अधीक्षक संतोष कुमार सागर, जेलर संतोष कुमार, डिप्टी जेलर चंद्रकला, जेल कैंटीन संचालक नवनीत सचान और सपा जिलाध्यक्ष फराज खान समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बाद में एसआईटी ने मामले की जांच की।
एसआईटी जांच
जांच में आरोप लगाया गया कि जेल में अब्बास अंसारी को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं और मुलाकात कराने के बदले जेल अधिकारियों को नकदी और उपहार दिए जाते थे। एसआईटी जांच के बाद सभी आरोपितों को जेल भेजा गया था। हालांकि वर्तमान में सभी आरोपी जमानत पर बाहर हैं, जबकि जेल अधीक्षक संतोष कुमार सागर और जेलर संतोष कुमार अभी भी निलंबित चल रहे हैं। पहले यह मामला भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय लखनऊ में विचाराधीन था, लेकिन बाद में अब्बास अंसारी से जुड़े मामलों को बांदा स्थित भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया।
*सुनवाई की तिथि*
शनिवार इस मामले में अपर जिला जज चंद्रपाल द्वितीय, विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में सुनवाई होगी।







