DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि की भारत यात्रा से बढ़ीं उम्मीदें

वीना टंडन
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसी कड़ी में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीर की दो दिवसीय भारत यात्रा को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है।
ग्रीर के साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है। यात्रा से पहले अमेरिकी राजदूत गोर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी उत्सुकता व्यक्त करते हुए कहा कि वह केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्रीर की बैठकों को लेकर उत्साहित हैं।
यह यात्रा फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई सकारात्मक बैठक के तुरंत बाद हो रही है। माना जा रहा है कि नई दिल्ली में होने वाली उच्च स्तरीय चर्चाओं का केंद्र भारत-अमेरिका संयुक्त बयान और अंतरिम व्यापार समझौता रहेगा, जो व्यापक द्विपक्षीय व्यापार वार्ताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) के अनुसार, इन व्यापार वार्ताओं की शुरुआत 13 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हुई थी। दोनों देश व्यापारिक बाधाओं को कम करने और आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं।
भारत इस समय सेक्शन-301 के तहत प्रस्तावित अमेरिकी टैरिफ उपायों पर भी बातचीत कर रहा है, साथ ही द्विपक्षीय व्यापार फ्रेमवर्क समझौते को अंतिम रूप देने के प्रयास जारी हैं।
पिछले सप्ताह जी-7 शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर उल्लेखनीय प्रगति हुई है और अब यह समझौता अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
मिसरी ने कहा, “अमेरिका के साथ अंतरिम मुक्त व्यापार और द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा करने की दिशा में काफी प्रगति हो चुकी है। हम इसे अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं।”
भारत यात्रा के बाद अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ग्रीर उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद जाएंगे, जहां वह राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव, राष्ट्रपति प्रशासन की प्रमुख सैदा मिर्ज़ियोयेवा तथा उप-प्रधानमंत्री जमशीद खोद्जाएव से मुलाकात करेंगे। यूएसटीआर के अनुसार, इन बैठकों का उद्देश्य अमेरिका के साथ निष्पक्ष, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौता अंतिम रूप लेता है तो इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति मिलेगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button