
दिल्ली में ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ का धमाकेदार प्रमोशन, गिप्पी ग्रेवाल बोले- दर्शकों के प्यार ने फ्रेंचाइजी को बनाया सुपरहिट
वीना टंडन
नई दिल्ली। पंजाबी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शुमार “कैरी ऑन जट्टा” के चौथे भाग “कैरी ऑन जट्टा 4” के प्रमोशन के लिए राजधानी दिल्ली में भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिल्म के प्रमुख कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता, बिन्नू ढिल्लों और पुखराज भल्ला ने शिरकत की और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।
फिल्म की टीम ने विश्वास जताया कि “कैरी ऑन जट्टा 4” भी अपने पिछले भागों की तरह दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी और कॉमेडी का नया रिकॉर्ड बनाएगी।
दर्शकों के प्यार से बनी सफल फ्रेंचाइजी: गिप्पी ग्रेवाल
फिल्म के निर्माता और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने बताया कि जब पहली बार “कैरी ऑन जट्टा” की कहानी उनके पास आई थी, तब संसाधन सीमित थे और बजट भी बहुत बड़ा नहीं था।
उन्होंने कहा, “मुझे फिल्म की कहानी बेहद पसंद आई। हमने दोस्तों के सहयोग से एक टीम बनाई और खुद इस फिल्म का निर्माण किया। दर्शकों ने फिल्म को इतना प्यार दिया कि यह एक सफल फ्रेंचाइजी बन गई। इसके बाद दूसरा और तीसरा भाग आया और अब हम चौथा भाग लेकर दर्शकों के सामने हैं।”
भल्ला साहब की कमी खली, AI तकनीक का लिया सहारा
गिप्पी ग्रेवाल ने बताया कि फिल्म के निर्माण के दौरान सबसे बड़ी चुनौती वरिष्ठ अभिनेता भल्ला साहब के निधन के बाद सामने आई।
उन्होंने कहा, “हमें लगा कि अब फिल्म बनाना मुश्किल हो जाएगा क्योंकि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता था। बाद में हमारी टीम ने एआई तकनीक के जरिए उन्हें स्क्रीन पर वापस लाने का सुझाव दिया। शुरुआत में हमें संदेह था, लेकिन जब डेमो वीडियो देखा तो परिणाम बेहद प्रभावशाली था। इसके बाद हमने उनके परिवार से अनुमति ली और उनकी सहमति मिलने के बाद ही इस दिशा में आगे बढ़े।”
इस फिल्म से इंडस्ट्री में आने का सपना देखा था: सरगुन मेहता
अभिनेत्री सरगुन मेहता ने कहा कि “कैरी ऑन जट्टा” उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि प्रेरणा का स्रोत रही है।
उन्होंने कहा, “मैंने ‘कैरी ऑन जट्टा’ देखकर ही पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में आने का सपना देखा था। आज उसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है।”
दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर देगी फिल्म: बिन्नू ढिल्लों
अभिनेता बिन्नू ढिल्लों ने कहा कि शूटिंग के दौरान सभी कलाकारों को भल्ला साहब की कमी महसूस हुई।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “भल्ला साहब एक शानदार कलाकार और बेहद उदार इंसान थे। उनकी यादें आज भी हमारे साथ हैं। यह फिल्म पूरी तरह कॉमेडी से भरपूर है और दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर देगी।”
पुखराज भल्ला का डेब्यू
फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसके जरिए दिवंगत भल्ला साहब के बेटे पुखराज भल्ला अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं। उनके डेब्यू को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
26 जून को होगी रिलीज
फिल्म “कैरी ऑन जट्टा 4” आगामी 26 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के कलाकारों और निर्माताओं को उम्मीद है कि यह भाग भी बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए और फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता साझा की। कार्यक्रम में मौजूद प्रशंसकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी फिल्म को लेकर खासा उत्साह दिखाया।





