
ब्रिटानिया चौक अब कहलाएगा ‘अश्विनी चोपड़ा चौक’, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन
वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध ब्रिटानिया चौक को अब नई पहचान मिल गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को घोषणा करते हुए बताया कि ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर अब ‘अश्विनी चोपड़ा चौक’ कर दिया गया है। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शकूरपुर स्थित इस चौक का उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह चौक पहले यहां स्थित ब्रिटानिया फैक्ट्री के कारण ‘ब्रिटानिया चौक’ के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) की स्मृति में इसका नाम बदलकर ‘अश्विनी चोपड़ा चौक’ रखा गया है।
उन्होंने कहा, “पंजाब केसरी कार्यालय के निकट स्थित यह चौक एक ऐसे निडर पत्रकार को समर्पित है, जिन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से देश और समाज की आवाज बुलंद की। उनका जीवन जनसेवा, राष्ट्रहित और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए समर्पित रहा। यह नामकरण उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अश्विनी चोपड़ा ने अपने लेखन और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया। उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें, इसी उद्देश्य से चौक का नाम उनके नाम पर रखा गया है।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने भी भाग लिया और अश्विनी चोपड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि पंजाब केसरी समूह से जुड़े रहे अश्विनी चोपड़ा को देश के प्रमुख पत्रकारों में गिना जाता था। उनके निधन के बाद भी पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को व्यापक रूप से याद किया जाता है।





