DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

स्वस्थ भारत पोर्टल’ लॉन्च, अब एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगी सभी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी

हेल्थ सेक्टर में डिजिटल क्रांति ‘

वीना टंडन
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने 10वें राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ का शुभारंभ किया। ‘भारत के स्वास्थ्य भविष्य को आकार देने वाली सर्वोत्तम प्रथाएं’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में इस पोर्टल को देश के डिजिटल हेल्थ सिस्टम में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताया गया।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा विकसित यह पोर्टल अब तक अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर बिखरी स्वास्थ्य सेवाओं और डेटा को एक ही जगह समेटेगा। पहले जहां अलग-अलग एप के जरिए निगरानी और रिपोर्टिंग होती थी, वहीं अब ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जिससे डेटा बिखराव और संसाधनों की बर्बादी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
यह पोर्टल आधुनिक API आधारित फेडरेटेड आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है, जिससे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सिस्टम आपस में जुड़ेंगे और डेटा का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा। स्वास्थ्य कर्मियों को अब बार-बार अलग-अलग पोर्टल पर लॉगिन करने या दोहराव वाली डेटा एंट्री नहीं करनी पड़ेगी, जिससे काम में तेजी आएगी।
इसका सबसे बड़ा फायदा देश के जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों—जैसे आशा, एएनएम, सीएचओ और मेडिकल ऑफिसर्स—को मिलेगा। उन्हें एक ही मंच पर डेटा एंट्री, रिपोर्टिंग और निगरानी की सुविधा मिलेगी। साथ ही, पोर्टल में मौजूद डेटा विजुअलाइजेशन टूल्स स्थानीय स्तर पर बेहतर योजना और निर्णय लेने में मदद करेंगे।
‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अनुरूप तैयार किया गया है और इसे आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट से भी जोड़ा गया है। इससे मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड का सुरक्षित और आसान आदान-प्रदान संभव होगा। भविष्य में इसे हेल्थ प्रोफेशनल और हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्रियों से भी जोड़ा जाएगा।
सरकार का दावा है कि इस पोर्टल से इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च में 20 से 30 फीसदी और डेटा एंट्री व मानव संसाधन से जुड़ी दोहराव वाली प्रक्रियाओं में 20 से 40 फीसदी तक कमी आएगी। साथ ही निर्णय लेने की प्रक्रिया भी तेज और प्रभावी बनेगी।
सरकार का मानना है कि ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ देश में एकीकृत, पारदर्शी और डेटा-आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा बदलाव साबित होगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button