
एयर इंडिया का नया फ्लैगशिप लाउंज शुरू, टर्मिनल-3 पर मिलेगा रॉयल मेहमाननवाज़ी का अनुभव
वीना टंडन
नई दिल्ली, 16 फरवरी। देश की अग्रणी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर अत्याधुनिक फ्लैगशिप लाउंज की शुरुआत कर दी गई है।
16 फरवरी 2026 से यह विशेष लाउंज फर्स्ट क्लास और बिजनेस क्लास यात्रियों के साथ-साथ महाराजा क्लब के प्लेटिनम और गोल्ड सदस्यों के लिए उपलब्ध होगा। इसके अलावा स्टार एलायंस गोल्ड सदस्य भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
लाउंज का उद्घाटन टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह लाउंज एयर इंडिया के कायाकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भारतीय मेहमाननवाजी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान देगा।
भारतीय परंपरा और आधुनिक विलासिता का संगम
एयर इंडिया के अनुसार, यह लाउंज केवल प्रतीक्षा स्थल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आधुनिक लग्जरी का अनूठा मेल है।
टर्मिनल-3 के इंटरनेशनल पियर पर बना यह लाउंज 16,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला है।
एक समय में लगभग 300 मेहमानों के बैठने की व्यवस्था।
आधुनिक यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन।
‘द एविएटर्स बार’ एयर इंडिया के गौरवशाली इतिहास को समर्पित।
छत का डिजाइन वर्ष 1932 में जेआरडी टाटा द्वारा उड़ाए गए पुस मॉथ विमान के प्रोपेलर से प्रेरित।
‘ग्लोबट्रॉटर स्टडी’ बिजनेस यात्रियों के लिए शांत वर्कस्पेस, हाई-स्पीड कनेक्टिविटी और उत्कृष्ट पुस्तक संग्रह के साथ।
‘सेरेनिटी एरिया’ लंबी यात्रा से पहले विश्राम के लिए विशेष रिक्लाइनर्स और शांत वातावरण।
यात्रियों के लिए स्लीप सूट्स की विशेष सुविधा।
‘क्रिस्टल बार’ में प्रीमियम शैम्पेन और सिग्नेचर कॉकटेल्स की व्यवस्था।
बदल रही है एयर इंडिया की तस्वीर
चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि दिल्ली का यह फ्लैगशिप लाउंज नई पीढ़ी के लाउंज की श्रृंखला की शुरुआत है। आने वाले समय में देश और विदेश के प्रमुख हवाई अड्डों पर भी इसी तरह के अत्याधुनिक लाउंज स्थापित किए जाएंगे।
एयर इंडिया का लक्ष्य सिर्फ उड़ान भराना नहीं, बल्कि यात्रियों को भारतीय आतिथ्य का असली अनुभव देना है। नई सुविधाओं और वैश्विक मानकों के साथ एयर इंडिया अब नए युग की ओर बढ़ चुकी है।



