
ऑनलाइन गेमिंग और नशे के खिलाफ चलेगा अभियान, महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता पर भी जोर
वीना टंडन
नई दिल्ली नेशनल अकाली दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और विभिन्न जनहित एवं सामाजिक मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ऑनलाइन गेमिंग, नशे के खिलाफ जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और जरूरतमंदों की सहायता सहित कई मुद्दों पर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय सचिव विक्रांत मोहन, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना धवन, सोशल विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रश्मीत कौर बिंद्रा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह मारवाह, उपाध्यक्ष वरिंदर आर्य सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि संगठन की ओर से ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग और नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को इनसे दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
आंखों की जांच के लिए लगाए जाएंगे विशेष कैंप
पम्मा ने कहा कि लंबे समय तक ऑनलाइन गेमिंग में लगे रहने से बच्चों की आंखों और स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसे देखते हुए संगठन की ओर से विशेष आई कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जरूरतमंद लोगों की आंखों की जांच कराने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाने और जरूरतमंद लोगों की समय-समय पर सहायता करने का निर्णय लिया गया है।
वृद्धाश्रम और अनाथालयों में पहुंचेंगे कार्यकर्ता
बैठक में वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में जाकर सेवा कार्य करने पर भी जोर दिया गया। पम्मा ने कहा कि संगठन सामाजिक जिम्मेदारी के तहत जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि नेशनल अकाली दल समय-समय पर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाता रहेगा। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।





