
जल बोर्ड टेंडर में कथित खेल पर ACB का बड़ा ऐक्शन, सत्येंद्र जैन समेत 6 गिरफ्तार
STP के टेंडर में शर्तों से कथित छेड़छाड़ और आपराधिक साजिश का आरोप, पूर्व IAS अधिकारी समेत निजी कंपनियों से जुड़े लोग भी जांच के घेरे में
नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जुड़े टेंडरों में कथित अनियमितताओं के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने बड़ा ऐक्शन लिया है। एजेंसी ने पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO और IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय समेत निजी कंपनियों से जुड़े चार लोग भी शामिल हैं।
टेंडर की शर्तों में कथित हेरफेर की जांच
ACB के मुताबिक मामला जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के विस्तार और अपग्रेडेशन से जुड़े टेंडरों का है। जांच में टेंडर की शर्तों में कथित हेरफेर, प्रक्रिया को प्रभावित करने और आपराधिक साजिश के पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
इस मामले में FIR नंबर 10/2024 के तहत 11 मई 2024 को ACB थाने में केस दर्ज किया गया था। शिकायत दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय की ओर से की गई थी।
पूर्व CEO से लेकर निजी कंपनियों तक कड़ी
ACB की कार्रवाई में पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन और पूर्व जल बोर्ड CEO उदित प्रकाश राय के अलावा पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एएन एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और श्रीजनहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा भी कार्रवाई की जद में आए हैं।
टेंडर से लेकर पैसों के लेन-देन तक नजर
छह गिरफ्तारियों के बाद जांच एजेंसी अब टेंडर तैयार होने से लेकर उसके मंजूर होने तक की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर रही है। कथित वित्तीय लेन-देन, अधिकारियों और निजी कंपनियों के बीच संपर्क तथा टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने में संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ACB की कार्रवाई के बाद दिल्ली जल बोर्ड की टेंडर व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। अब जांच आगे बढ़ने के साथ यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कथित अनियमितताओं की शुरुआत कहां से हुई और पूरी प्रक्रिया में किसकी क्या भूमिका थी।
कानूनी स्थिति: गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी फिलहाल आरोपों के स्तर पर हैं। उनकी दोषसिद्धि न्यायालय में साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर तय होगी।





